गोंडा। नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे बच्चों को शनिवार को गणित के सवालों ने खूब उलझाया। किसी को लाभ-हानि के सवाल कठिन लगे तो कोई क्षेत्रफल और परिमाप में अटक गया। भाषा और मानसिक योग्यता के प्रश्नों ने राहत दी। परीक्षा देकर केंद्रों से निकले बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए। कुछ ने सभी प्रश्न हल करने का दावा किया तो कुछ ने गणित में अधिक समय लगने की बात कही।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को जिले के 14 केंद्रों पर चयन परीक्षा आयोजित की गई। सुबह से ही केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ जुटने लगी। अभिभावक बच्चों को समय से पहले लेकर पहुंचे और परीक्षा से पहले उनका हौसला बढ़ाते नजर आए। सघन तलाशी के बाद विद्यार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा पूर्वाह्न 11:30 से अपराह्न 01:30 बजे तक हुई। इसमें पंजीकृत 3,908 विद्यार्थियों में से 2,536 शामिल हुए। उपस्थिति 64.89 प्रतिशत रही। परीक्षा देने वालों में 1,437 बालक और 1,099 बालिकाएं थीं। जबकि 2,128 बालकों और 1,780 बालिकाओं ने पंजीकरण कराया था। फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज, श्री गांधी इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी और जनता इंटर कॉलेज इटियाथोक समेत 14 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र समेत अन्य अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया।
सभी प्रश्न हल किए तो किसी को गणित ने उलझाया
प्रश्नपत्र में मानसिक योग्यता, पर्यावरण अध्ययन, अंकगणित और भाषा के चार खंड थे। प्रत्येक खंड में 20 प्रश्नों के लिए 25 अंक निर्धारित थे। कुल 80 प्रश्नों को हल करने के लिए दो घंटे का समय मिला। फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज केंद्र से निकले आयुष शुक्ला ने बताया कि सभी प्रश्न हल किए और 79 अंक मिलने की उम्मीद जताई। उन्हें क्षेत्रफल, परिमाप और रीजनिंग के सवाल अच्छे लगे।
स्तुति शुक्ला ने बताया कि लाभ-हानि के सवाल कठिन थे, जबकि हिंदी और मानसिक योग्यता के प्रश्न आसान रहे। हिमांशु यादव को भी गणित के सवाल कठिन लगे। मान्या सिंह के मुताबिक, क्षेत्रफल और परिमाप के सवाल लंबे थे। उन्हें समझने में काफी समय लगा, हालांकि सभी प्रश्न हल कर लिए। प्रांजल सिंह, सिद्धांत तिवारी और हर्षित पांडेय ने भी गणित को अपेक्षाकृत कठिन बताया।
गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कालोनी में नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे बच्चे।
गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कालोनी में नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे बच्चे।
गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कालोनी में नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे बच्चे।