जिले में डेंगू से होने वाली मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार रात धानेपुर इलाके में एक तीन साल की बच्ची की डेंगू से मौत हो गई। धानेपुर के कई गांवों सहित बेलसर व बालपुर इलाके में लगातार डेंगू मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। जिले में अब तक डेंगू से करीब 12 लोग जान गंवा चुके हैं।
धानेपुर थाना क्षेत्र के पंडितपुरवा गांव में रहने वाले राजदेव यादव की तीन वर्षीया पुत्री गुंजा को डेंगू हो गया था। परिवार वालों ने उसे ले जाकर शहर के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका तीन दिनों तक उपचार चला। लेकिन मंगलवार रात उसने दम तोड़ दिया।
धानेपुर के रुद्रगढ़नौसी, देवरदा, त्रिलोकपुर और धानेपुर में भी बड़ी तादाद में लोग डेंगू बुखार से बीमार चल रहे हैं। बालपुर के अयोध्यापुर गांव निवासी ध्रुव कुमार पांडेय ने बेटे अजय कुमार पांडेय (21) को बुधवार को डेंगू के लक्षण मिलने पर लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया है।
जबकि बेलसर के मुंजेड़ में आरती (18), डिडिसियाकला निवासी जीवननाथ मिश्र (35) भी डेंगू से बीमार चल रहे हैं। जिला अस्पताल में जांच के दौरान आए दिन कोई न कोई मरीज डेंगू का मिल रहा है।
बिच्छू के काटने से परसपुर इलाके में एक नौ साल के बच्चे की मौत हो गई। बेलईपुरवा बसंतपुर में रहने वाले संतराम यादव के बेटे अखिलेश यादव (9) को मंगलवार रात बिच्छू ने काट लिया था।
परिवार के लोग जब उसे लेकर सीएचसी गए तो वहां के डॉक्टरों ने इलाज से पल्ला झाड़ लिया और बच्चे को मुख्यालय रेर कर दिया। घर वाले बच्चे को एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल जा ही रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।