गोंडा। एलबीएस पीजी कॉलेज व जीजीआईसी में समाज कल्याण विभाग की ओर से एक जुलाई से मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग शुरू होगी। आवेदन के लिए आज आखिरी मौका होगा। प्रवेश परीक्षा के आधार पर चयन के बाद अभ्यर्थियों को यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग) और यूपीपीएससी (उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग), एसएससी, यूपीएसएसएससी व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का मौका दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री अभ्युदय कोर्स समन्वयक रूपेश पांडेय ने बताया कि एक जुलाई से कक्षाएं शुरू करने के लिए 57 फैकल्टी को नामित किया गया है। यूपीएससी व यूपीपीएससी की रोजाना तीन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसके लिए सोमवार तक 120 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसके साथ ही एसएससी व यूपीएसएसएससी जैसे एक दिवसीय परीक्षा के लिए जिले में सीटों की मारामारी है। इसमें 385 आवेदन आ चुके हैं। रोजाना एक घंटे कक्षाएं चलेंगी।
उनका कहना है कि जिले में एक दिवसीय परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह है। इससे ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत एलबीएस पीजी कॉलेज में नियमित कक्षाएं चलेंगी। साथ ही विद्यार्थियों का इन परीक्षाओं में चयन हो सके, इसके लिए उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी।
स्नातक व इंटर की योग्यता निर्धारित है। जीजीआईसी में नीट की कक्षाएं संचालित की जाएगी। करीब 35 विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है। प्रवेश के लिए 25 जून आवेदन की तिथि निर्धारित की गई। इसके बावजूद अगर कोई अभ्यर्थी आवेदन करता है तो परीक्षा से पहले स्वीकार किया जाएगा।
18 अभ्यर्थी हासिल कर चुके हैं मुकाम
कोर्स समन्वयक रूपेश पांडेय ने बताया कि वर्ष 2021 से विद्यार्थियों को एक मुकाम देने के लिए कक्षाएं संचालित की जा रही है। इसमें गरीब परिवार के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों ने लाभ हासिल किया है। यूपीएसपी-प्री पास करने के साथ ही मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। नीट, पीईटी, बीपीएससी स्कूल टीचर, यूजीसी नेट, जी-मेन, यूपीपी, उत्तर प्रदेश सिविल कोर्ट स्टॉफ, यूपीपीसीएस-प्री और एसएससी-जीडी समेत प्रतियोगी परीक्षा पास कर चुके हैं। 18 अभ्यर्थियों ने अलग-अलग परीक्षाएं पास की है।
अभ्युदय कोचिंग की जल्द होगी शुरुआत
एक जुलाई से अभ्युदय कोचिंग की शुरुआत हाेनी है। टाउन हाल में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगी छात्रों को सरकार की योजना का समुचित लाभ मिल सके, इसके लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी