फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

10 दिनों में 6.20 लाख कॉपियों का करना होगा मूल्यांकन

विज्ञापन
फोटो- 20 - गोंडा के एमडीबीएस इंटर कालेज बेलसर में प्रयोगात्मक परीक्षा कराते प्रधानाचार्य। संवाद - फोटो : GONDA
विज्ञापन
गोंडा। यूपी बोर्ड परीक्षा के कॉपियों का मूल्यांकन शनिवार से शुरू हो जाएगा। शहर के पांच इंटर कॉलेजों को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर 1800 परीक्षक कॉपियों का मूल्यांकन करेंगे। पांच केंद्रों पर छह लाख 20 हजार कॉपियों का मूल्यांकन दस दिन में करना होगा। मूल्यांकन को समय से पूरा करने के लिए हर दिन 60 हजार से अधिक कॉपियों को जांचना होगा। मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों को सकारात्मक भाव रखने के निर्देश हैं और सुंदर ढंग से जवाब लिखे होने पर एक अतिरिक्त अंक भी देने हैं, लेकिन पूर्णांक से ज्यादा अंक नहीं दिए जाने हैं। मूल्यांकन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन

यूपी बोर्ड परीक्षा इस बार काफी तनावपूर्ण ढंग से हुई है, बलिया कांड के बाद जिले में एक दिन की परीक्षा निरस्त हुई थी। मूल्यांकन के दौरान सतर्कता बरतने की हिदायत है। शहर में स्थित पांच इंटर कॉलेजों राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फखरूद्दीन अली अहमद इंटर कॉलेज, श्रीगांधी इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी, शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज, जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की तरह ही मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। मूल्यांकन कक्ष राज्य व जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा। अधिकारियों को निगरानी के लिए लगाया जा रहा है। कंट्रोल रूम में प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों की तैनाती की गई है। कॉपियों के मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों को सुविधाएं मुहैय्या कराई जाएंगी। साथ ही केंद्रों पर 24 घंटे सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं।
28 तक पूरी होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
पहली बार प्रयोगात्मक परीक्षाएं बोर्ड परीक्षा के बाद हो रही हैं। इस बार व्यवस्था को लेकर भी केंद्रों के लोग खासे परेशान हैं। जिले के 135 केंद्र तय करके 483 कॉलेजों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जा रहीं हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बताते हैं कि 38 सालों में पहली बार ऐसी व्यवस्था की गई है। कई कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा एक स्थान पर हो रही है। ऐसे में पहले परीक्षक बताते हैं कि वह आ रहे हैं, इसके बाद कॉलेज को सूचना देनी पड़ रही है। कहा कि इससे काफी अव्यवस्था है। पहले की कॉलेजों में ही परीक्षक भेजकर प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जानी चाहिए। बताया कि पहले चरण में ही जिले में परीक्षाएं हो रहीं हैं। बोर्ड परीक्षा में बने केंद्रों में दस केंद्र घटा दिए गए हैं, इससे छात्रों को भी दिक्कत हो रही है।
विज्ञापन

आंतरिक मूल्यांकन के अंकों की फीडिंग 30 तक करनी है
मूल्यांकन की तैयारी के साथ ही बोर्ड ने हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन के अंक 30 अप्रैल तक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। 10वीं के सभी विषयों के लिए आवंटित 100 नंबर में से 70 अंकों की बोर्ड परीक्षा होती है। शेष 30 अंकों के लिए 10-10 अंकों के तीन सत्रीय कार्य होते हैं, जिसे आंतरिक मूल्यांकन कहते हैं। इसके अलावा हाईस्कूल व इंटर के नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा की लिखित एवं प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक भी बोर्ड की वेबसाइट पर स्कूलों को 30 अप्रैल तक अपलोड करने होंगे।
मुख्यालय स्थित पांच मूल्यांकन केंद्र पर कॉपियों का मूल्यांकन सीसी टीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी। परीक्षकों की तैनाती कर दी गई है। राकेश कुमार, डीआईओएस
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें