गोंडा। सीएचसी बभनजोत में तैनात एएनएम की कोविड टीकाकरण में ड्यूटी लगा दी गई। मगर वह ड्यूटी पर नहीं पहुंची तो सीएचसी अधीक्षक ने ड्यूटी पर न पहुंचने कारण पूछा तो एएनएम ने सीएचसी अधीक्षक को धमकी दी। इसके बाद पति व बेटे समेत एक अन्य युवक के साथ एएनएम सीएचसी पहुंची।
वहां चारों ने मिलकर सीएचसी अधीक्षक की पिटाई कर दी। बवाल की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल के कर्मियों से जानकारी ली। मामले में सीएचसी अधीक्षक ने एएनएम, उसके पति व बेटे समेत चार लोगों के खिलाफ थाना छपिया में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनजोत के अधीक्षक तरुण मौर्या ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनजोत में तैनात एएनएम उर्मिला पांडेय की खम्हरिया गांव में कोविड-19 टीकाकरण के लिए ड्यूटी लगाई गई थी।
मगर वह मंगलवार को ड्यूटी पर नहीं पहुंची। सीएचसी अधीक्षक के मुताबिक एएनएम उर्मिला के पति अर्जुन पांडेय उन्ही की सीएचसी पर बीएचडब्ल्यू के पद पर तैनात हैं, के मोबाइल पर कॉल करके एएनएम के ना पहुंचने का कारण पूछा। उसके थोड़ी देर बाद ही एएनएम उर्मिला पांडेय ने उनके मोबाइल पर कॉल करके अभद्रता करते हुए सीएचसी पहुंचकर पिटाई करने की धमकी दी और कोविड-19 की ड्यूटी करने से इनकार कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि दोपहर तकरीबन दो बजे वह अपने केबिन में बैठे थे। आरोप है कि उसी समय एएनएम उर्मिला पांडेय के पुत्र आलोक कुमार पांडेय अपने साथी आशीष कुमार तिवारी के साथ आ धमके और अस्पताल में पहले से मौजूद उर्मिला के पति अर्जुन पांडेय के साथ मिलकर उनसे अभद्रता करने लगे, जब उन्होंने मना किया तो तीनों मिलकर उन्हें मारने-पीटने लगे।
शोर करने पर अस्पताल के कर्मचारी बचाने दौड़े तब जान से मारने की धमकी देते हुए सभी चले गए। सीएचसी अधीक्षक तरुण मौर्या ने थाना छपिया में एएनएम उर्मिला पांडेय, उनके पति अर्जुन पांडेय, बेटे आलोक कुमार पांडेय व आशीष तिवारी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमले समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष छपिया राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर एएनएम, उनके पति व बेटे समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।