करनैलगंज (गोंडा)। सरयू घाट से रविवार देर रात तक लाखों कांवड़ियों ने जल भरकर गोंडा और बाराबंकी के शिवालयों में जलाभिषेक किया। दिन में तेज धूप के कारण रात में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रही। रविवार को पूरी रात बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। खरगूपुर के पृथ्वीनाथ, गोंडा के दुखहरण नाथ महादेव और बाराबंकी के लोधेश्वरनाथ मंदिर के लिए लाखों कांवड़िये रवाना हुए।
बरखंडी नाथ महादेव मंदिर में दो लाख से अधिक शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। महंत सुनील पुरी ने बताया कि रविवार से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला सोमवार दोपहर बाद तक जारी रहा। महिलाओं और बच्चों ने दर्शन-पूजन के बाद मेले का आनंद लिया। बच्चों ने झूले और सर्कस का आनंद लिया। सुरक्षा को लेकर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस टीम के साथ व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जयप्रभाग्राम संवाद के अनुसार, कजरी तीज पर सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखा। शिवालयों में सुबह से भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। कस्बे के पंचमुखी महादेव मंदिर में भोलेनाथ का शृंगार कर आरती की गई। पुजारी यशोदा नंदन तिवारी ने बताया कि सोमवार देर शाम तक जलाभिषेक का सिलसिला चला। चिंताहरण शिव मंदिर और बाबा सोमनाथ सदाशिव मंदिर में भी शिव भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की।
धानेपुर क्षेत्र में कजरी तीज पर सोमवार को कस्बे के शिवालयों में कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। जगह-जगह पंडाल लगाकर भंडारा आयोजित किया गया। कमलापति गुप्त ने बताया कि बूढ़ेनाथ, शिव पार्वती, जानकी नगर और लखेश्वर नाथ मंदिर में हजारों कांवड़ियों ने गोमड़ी घाट व बिसुही नदी से जल लाकर जलाभिषेक किया। इस दौरान बूढ़ेनाथ मंदिर और ब्लॉक गेट सहित विभिन्न स्थानों पर फल, हलुआ और पूड़ी-छोला बांटा गया।
महामृत्युंजय मंत्र का किया जाप
इटियाथोक संवाद के मुताबिक, क्षेत्र के बेलवा बहुता के नीलकंठ महादेव मंदिर में सोमवार को शिवभक्तों ने महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया। इसके बाद प्रसाद बांटा गया। उधर, करुवापारा के बागेश्वर मंदिर में मानस परिवार की ओर से अखंड रामायण पाठ का विश्राम हुआ। इस अवसर पर शिवकुमार पांडेय, घनश्याम, अनंत राम मौर्य, श्रवण तिवारी, विनोद मिश्र, काशी प्रसाद ओझा, अन्नू पांडेय आदि मौजूद रहे।
रुपईडीह ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित आरेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर माथा टेका। छितौनी, बनगाई, मनोहरजोत, गौंसिहा, पिपरा चौबे, नौवागांव और पूरेपाठक सहित एक दर्जन गांवों के श्रद्धालुओं ने सुबह से ही मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। भक्तों ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मसकनवा संवाद के अनुसार, क्षेत्र के पटेश्वर नाथ, तिलेश्वर नाथ, चूल्हेश्वर नाथ और सोहिला शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। महिलाओं ने पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखा। इस मौके पर आयोजित मेले में महिलाओं और बच्चों की भीड़ रही। दुकानों पर पूजन सामग्री, मिठाई और खिलौनों की खूब बिक्री हुई।
खरगूपुर कस्बा और मेला क्षेत्र में स्वयंसेवी संस्थाओं व समाजसेवियों ने भंडारा आयोजित किया। एक इंटर कॉलेज में प्रबंधक रामदेव तिवारी और प्रधानाचार्य अखिलेश तिवारी आदि ने भंडारे का आयोजन किया। पृथ्वीनाथ मंदिर जाने वाले कांवड़ियों और शिव भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पसका संवाद के अनुसार, क्षेत्र के सुभगनाथ, भारीश्वर नाथ, सिद्धेश्वर महादेव और नर्वदेश्वर नाथ आदि शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख-शांति की कामना की। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अखंड सुहाग और दांपत्य सुख की मंगलकामना की। सुभगनाथ मंदिर परिसर में लगे मेले में महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। भारीश्वर महादेव मंदिर में करनैलगंज से भाजपा विधायक अजय सिंह ने भी जलाभिषेक कर देशवासियों की सुख-शांति की प्रार्थना की।
मनकापुर संवाद के अनुसार, हजारों कांवड़ियों ने अयोध्या से सरयू नदी का जल लाकर करोहानाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। महिलाओं ने भी भगवान शिव के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मेले में खरीदारी की। सुरक्षा के लिए क्षेत्राधिकारी उदित नारायण पालीवाल व प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। दुर्जनपुर घाट संवाद के अनुसार, कामेश्वर नाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। मेले में दिनभर चहल-पहल रही। पुजारी भगवान दास व सर्वकार लक्ष्मी नारायण पांडेय ने बताया कि कजरी तीज पर हर वर्ष लगने वाले विशाल मेले में क्षेत्रवासियों का विशेष सहयोग रहता है।
कजरी तीज पर जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े शिवभक्त। संवाद
कजरी तीज पर जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े शिवभक्त। संवाद
कजरी तीज पर जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े शिवभक्त। संवाद
कजरी तीज पर जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े शिवभक्त। संवाद
कजरी तीज पर जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े शिवभक्त। संवाद