धानेपुर/गोंडा। हर ओर गणपति पूजा की धूम है। विभिन्न आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालु घर से लेकर पंडालों तक में स्थापित गजानन की प्रतिमा के समक्ष पूजन कर खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
नगर के सुभाषनगर में शुक्रवार रात भक्तों ने दूर्वा से गजानन का शृंगार किया। अमरनाथ रस्तोगी, प्रतीक सोनी, असीम मिश्र सहित अन्य ने पूजन कर प्रसाद बांटा। आवास विकास काॅलोनी में स्थापित गणपति की प्रतिमा के समक्ष लवली त्रिपाठी के संयोजन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
श्री गणपति पूजन महोत्सव चौक बाजार धानेपुर कमेटी की ओर से नगर पंचायत धानेपुर के करुणेश मंदिर में आयोजित सात दिवसीय गणेश महोत्सव के तीसरे दिन शाम को बच्चों ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम से पूर्व कमेटी के अध्यक्ष रामबाबू कौशल व सदस्यों आदि ने भगवान गणेश की आरती उतारी व पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। रायना, काव्या, माही, खुशी, सीरिया, आराध्य, वंशिका आदि बच्चों ने देवा रे देवा गणपति देवा..., मोरया रे बप्पा मोरया रे..., जय गणेश जय गणेश देवा... आदि भक्ति गीतों पर डांडिया नृत्य किया। सुरेश मोदनवाल, अनोखे कौशल, संदीप सोनी, रवि कौशल, धर्मेंद्र सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। तरबगंज, मनकापुर, करनैलगंज, परसपुर, कटरा बाजार सहित अन्य स्थानों पर भी गणेश पूजा की धूम मची है।
कटरा बाजार के पहाड़ापुर बाजार में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रवाचक सच्चिदानंद महाराज ने कथा सुनाई। अध्यक्ष मुकेश रस्तोगी, नवनीत गोस्वामी, धनेश गोस्वामी, राजू तिवारी, वैभव श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
आज लगाया जाएगा 56 भोग
परसपुर। कस्बा के शंकर मंदिर धर्मशाला में शनिवार को श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा का पूजन किया। गणेश पूजा महोत्सव समिति के अध्यक्ष रामकुमार सोनी ने बताया कि रविवार को 56 भोग व 51 किलो के लड्डू का भोग लगाया जाएगा। दो सितंबर को गाजे-बाजे के साथ भौरीगंज सरयू नदी में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
धार्मिक आयोजन से धर्म के प्रति मजबूती है निष्ठा
डुमरियाडीह। वजीरगंज कस्बे के हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में आयोजित गणेश पूजा में शुक्रवार शाम को पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शामिल हुए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से धर्म के प्रति निष्ठा मजबूत होती है। सामाजिक समरसता की भावना बलवती होती है। उन्होंने कहा कि आगामी जनवरी में वे भी प्रतिष्ठित संत के सानिध्य में कथा प्रवचन व धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन करेंगे। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंकज सिंह, रामफेर तिवारी, अवनीश शुक्ल, सुभाष तिवारी सहित पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे। कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने पकड़ी बाजार में आयोजित अष्टम श्रीगणेश लक्ष्मी पूजा महोत्सव में गणपति की आराधना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, आचार्य ध्रुव चंद्र मिश्र, सुरेश शुक्ल, राम गोपाल सिंह, संजय श्रीवास्तव, राहुल दूबे मौजूद रहे।