गोंडा। सेवा पखवाड़ा के तहत शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर जीएसटी के नए स्लैब के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि सरकार ने दैनिक वस्तुओं पर जीएसटी को बहुत कम कर दिया है, जिससे घर-घर में खुशहाली आएगी। अब पांच प्रतिशत व 18 प्रतिशत जीएसटी की दरें लागू की जाएंगी।
प्रभारी मंत्री ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह तो सनसनीखेज खुलासा करने की बात कह रहे थे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। खोदा पहाड़ निकली चुहिया वाली कहावत सही हो गई। राहुल गांधी से भाजपा व पीएम पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। बरेली के मौलाना तौकीर रजा के बयान को निराधार बताते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार हिंदू और मुसलमान में भेदभाव किए बिना सबके विकास के लिए काम कर रही है। मंत्री ने भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन गोष्ठी को भी संबोधित किया। गांधी पार्क के बगल में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने इसे विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित प्रदर्शनी बताया।
सीएमओ के बयान मामले की होगी जांच
प्रभारी मंत्री ने सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा की ओर से हाल ही में दिए गए विवादित बयान को लेकर कहा कि भाजपा की सरकार में किसी भी अधिकारी की हिम्मत नहीं है, जो इस प्रकार का गैरजिम्मेदाराना बयान दे सके। इस प्रकार से दुस्साहस करने वालों के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
स्वयं सहायता समूह की महिला को किया सम्मानित
कलेक्ट्रेट के एनआईसी में शनिवार को मिशन शक्ति 5.0 के शुभारंभ का सजीव प्रसारण दिखाया गया। लखनऊ में सीएम की ओर से कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद जिले में स्वयं सहायता समूह के तहत बेहतर कार्य करने वाली वजीरगंज के रायपुर निवासी कुसुम मौर्या को मिशन शक्ति का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कुसुम एलोवेरा व सहजन की खेती करके उससे साबुन व तेल तैयार करती हैं। गन्ने का सिरका व तुलसी की खेती कर महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं। कार्यक्रम के दौरान कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, गौरा प्रभात वर्मा, करनैलगंज अजय कुमार सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल आदि मौजूद रहे।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं की सुरक्षा का लिया संकल्प
मिशन शक्ति फेज 5.0 के राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का रिजर्व पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हॉल में लाइव प्रसारण दिखाया गया। इसमें एएसपी मनोज रावत व राधेश्याम राय के साथ ही सीओ शिल्पा वर्मा व जिले के थानों के पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि थानों एवं चौकियों पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महिला हेल्पलाइन 1090, 112, 181, 1076 आदि टोल-फ्री नंबरों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। महिला बीट पुलिसकर्मी, एंटी रोमियो स्क्वॉड एवं महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से स्कूल-कॉलेजों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।