गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे मेंस कांग्रेस के नेताओं ने लखनऊ में डीआरएम एनई रेलवे आदित्य कुमार व रेलवे अस्पताल बादशाह नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्रनाथ से मुलाकात की। यूनियन के नेताओं ने उप मंडलीय रेलवे अस्पताल गोंडा की ओपीडी के समय में बदलाव की मांग की।
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री इवेंद्र कुमार नागवंशी ने बताया कि डीआरएम व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मांगपत्र देकर उप मंडलीय रेलवे अस्पताल गोंडा में मरीजों को हो रही परेशानी से अवगत कराया। बताया कि अभी तक यहां ओपीडी सुबह 09:00 से 12:00 बजे तक और शाम 04:00 से 5:00 बजे तक चलती थी, लेकिन हाल में ही समय में बदलाव करते हुए सुबह 08:30 से दोपहर 02:00 बजे तक कर दिया गया है। इससे बहराइच, बलरामपुर समेत अन्य जिलों के रेलकर्मी व उनके परिजन जब अस्पताल पहुंचते हैं, तब तक ओपीडी बंद हो जाती है। इससे उन्हें इलाज कराए बगैर लौटना पड़ता है। मांगपत्र देने वालों में मंडल संरक्षक बलबीर सिंह, विनय कुमार, रवि कुमार व कुंवर विकास सिंह शामिल रहे। (संवाद)