मसकनवा/मनकापुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को 12 दिन पूर्व सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की आशंका जताते हुए इसकी मांग की थी।
छपिया के बखरवा देवरहना निवासी आज्ञाराम का बेटा चंदन (18) वासुदेवपुर ग्रांट के गिरिजा शंकर का डीजे चलाता था। पिता की तहरीर के अनुसार, 12 मई की रात चंदन डीजे बजाकर पिकअप से घर लौट रहा था। मनकापुर के अमवा जंगल के पास मसकनवा की तरफ से तेज गति से आ रही डीजे लदी पिकअप ने उसके वाहन में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ के लोग उसे इलाज के लिए सीएचसी मनकापुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज और फिर वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। उस समय परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को दफना दिया था। बाद में परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए 17 मई को मनकापुर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। परिजनों की मांग पर जिलाधिकारी ने शव का पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम से हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। इस मौके पर सीओ उदित नारायण पालीवाल, मनकापुर कोतवाल गौरव सिंह तोमर, राजस्व विभाग की टीम, प्रधान राजू यादव, प्रशांत वर्मा, महेश वर्मा, सुनील गौड़ आदि मौजूद रहे।