शिक्षा क्षेत्र करनैलगंज अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय काशीपुर में रविवार को आप के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला संयोजक दिग्गज पांडेय ने कहा कि केवल आम आदमी पार्टी ही कार्यकर्ताओं के हित के बारे में सोचती है।
कार्यकर्ता ही पार्टी के रीढ़ हैं। इनके लिए चाहे जो भी करना पड़ेगा, हम करेंगे। आप के छात्र युवा संघर्ष समिति के जिला संयोजक अभिषेक गोस्वामी ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर बरसते हुए कहा कि ये दोनों सरकारें हर मोड़ पर विफल साबित हो रही हैं।
अच्छे दिन आने का सपना दिखाकर सत्ता हासिल करने वाली केंद्र की सरकार अभी तक अपना कोई जादू नहीं दिखा पाई है। चाहे वह महंगाई हो या भ्रष्टाचार या फिर काला धन विदेशों से वापस लाने की बात ही क्यों न हो। यह सरकार अपने द्वारा किये गये वादों पर भी खरा नहीं उतरी।
रही बात प्रदेश सरकार की तो पूरे प्रदेश में कोई भी व्यक्ति अपने को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। चोरी, डकैती, छिनैती, रोड होल्डप, हत्या व मां बहनों के साथ बलात्कार जैसी घटनाएं तो आम हो गई हैं। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पटरी से नीचे उतर चुकी हैं।
एक तरफ सड़क बनाई जा रही है, तो दूसरी तरफ उजड़ कर वह गड्ढे में तब्दील होती जा रही है। अस्पताल की दवाइयां बाजार में बिक जाती हैं। जनता की सुरक्षा करने वाली पुलिस अब जनता की भक्षक बन चुकी है। ऐसे में केवल आप ही एक ऐसी पार्टी है।
जो जनता के हर दुख दर्द को समझती है। इस प्रकार सरकार पर बरसने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के हित में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की अपील की।
सम्मेलन की अध्यक्षता एसपी मिश्र व संचालन वकील अहमद ने किया। इस दौरान आरके सिंह, यशवंत सिंह, राजेश सिंह, हर्षित सिंह, अखंड प्रताप सिंह आदि ने भी अपने विचार प्रकट किए। उसके बाद सीवाईएसएस के विधान सभा स्तरीय पदाधिकारियों का चयन किया गया।
जिसमें पराग सिंह को विधान सभा संयोजक, अनुज अवस्थी को सह संयोजक, अवधराज गोस्वामी को सचिव, संदीप शुक्ल को कोषाध्यक्ष, एवं सुखदेव व सुसील सहित अन्य कई लोगों को सदस्य चयनित किया गया।