गोंडा। सीबीएसई के छात्र-छात्राएं अब मात्र 100 रुपये प्रति प्रश्नपत्र जमा करके अपनी कॉपियों की दोबारा जांच करा सकेंगे। फीस कम होने से विद्यार्थी व अभिभावक राहत महसूस कर रहे हैं।
सीबीएसई के सुवंश मिलेनियम स्कूल की प्रधानाचार्य रीना तिवारी ने बताया कि इस वर्ष कई विद्यार्थियों को उम्मीद से कम अंक मिले हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में छात्र पुनर्मूल्यांकन कराने की तैयारी कर रहे हैं। पहले पुनर्मूल्यांकन के लिए 700 रुपये शुल्क देना पड़ता था। अब इसे घटाकर केवल 100 रुपये कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि उत्तर पुस्तिका सत्यापन और वैलिडेशन शुल्क भी 500 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को राहत मिलेगी और अधिक विद्यार्थी अपने अंकों की पुनः जांच करा सकेंगे। सीबीएसई इंटरमीडिएट के छात्र अंकित ने बताया कि उनके अंक अपेक्षा से कम आए हैं। पहले अधिक फीस होने के कारण पुनर्मूल्यांकन कराने में दिक्कत हो रही थी। अब फीस कम होने से राहत मिली है। (संवाद)