बलरामपुर के केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बुधवार को उत्साह के साथ परीक्षा देने आई छात्राए
बलरामपुर। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। पहले दिन केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल की पेंटिंग परीक्षा कराई गई, जिसमें 62 परीक्षार्थी शामिल हुए। एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा।
केंद्र व्यवस्थापक व केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य नीरज अस्थाना ने बताया कि सुबह 10.30 बजे से परीक्षा शुरू हुई, पेंटिंग विषय की परीक्षा में पंजीकृत 63 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 62 ने भाग लिया। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए विद्यार्थियों की मुख्य गेट पर ही चेकिंग की गई। कक्ष निरीक्षकों ने भी परीक्षा के समय परीक्षार्थियों पर पैनी नजर रखी।
इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की निगरानी की गई। डीआईओएस गोविंद राम ने परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश केंद्र व्यवस्थापक को दिया।
परीक्षार्थियों में रहा भारी उत्साह
केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पर पहले दिन पेंटिंग विषय की परीक्षा कराई गई। परीक्षा देने आई छात्रा कल्पना यादव, ललिता पांडेय, अनुराधा, स्नेहा व सरस्वती मिश्रा आदि ने बताया कि पहली बार बोर्ड की परीक्षा को लेकर उत्सुकता रही। परीक्षा शुरू होने पर भारी उत्साह है। पहले थोड़ा डर लग रहा था, लेकिन परीक्षा देने के बाद डर खत्म हो गया है। अब अन्य विषयों की परीक्षा पूरी तैयारी के साथ बिना किसी डर व संशय के देंगे।