बलरामपुर। मानदेय व अन्य समस्याओं को लेकर बुधवार दोपहर से नगर पालिका परिषद के 200 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। इससे नगर के 25 वार्डों की सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। कर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पप्पू लाल वाल्मीकि की अगुवाई में सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका में धरना शुरू करते हुए बेमियादी हड़ताल का ऐलान किया। कर्मचारियों का आरोप है कि समस्याओं के समाधान को लेकर कई बार अधिकारियों को पत्र दिया गया लेकिन, निस्तारण नहीं हो रहा है। सफाई कर्मचारी किशोरी, चंद्रिका, राजन, रामू, रामधनी, किशन व आनंद का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं हैँ, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कूड़ा उठान व्यवस्था ठप होने के कारण समस्या बढ़ गई है। कई जगह कूड़ा-कचरा डंप है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को समस्या के समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए। एडीएम न्यायिक डॉ. ज्योति गौतम का कहना है कि प्रकरण जानकारी में आया है। प्रशासक को समस्या का समाधान कराने को कहा गया है।
इन मुद्दों को लेकर आंदोलन
सेवानिवृत्त लिपिक अब्दुल कादिर व कार्यवाहक लेखाकार अभय कुमार त्रिपाठी को हटा दिया गया। लेकिन अभी तक इनके द्वारा किए गए कार्यों की जांच नहीं की गई।
आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों को दो माह से मानदेय नहीं मिला है। सफाई कर्मियों को वर्दी देने के आश्वासन के बाद भी उसका वितरण नहीं किया गया।
मृतक व सेवानिवृत्त सफाई कर्मियों के बकाया देयकों का भुगतान नहीं किया गया। समयमान वेतनमान की भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ईपीएफ का भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही लेखा विभाग के लेखाकार को बदलने का आदेश तो दिया गया, लेकिन अभी तक प्रधान लिपिक को चार्ज नहीं दिया गया है। इससे समस्या आ रही है।