फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक में कैश खत्म होने पर भड़के, सड़क जाम

Thu, 08 Dec 2016 10:17 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोटबंदी के बाद से कैश की किल्लत से लगातार बैंकें जूझ रही हैं। एक महीने बाद भी हालात काबू में नहीं आ सके हैं। गुरुवार को हालात और बिगड़ गए। पंजाब नेशनल बैंक की शाखा भौरीगंज में खाताधारक बैंक खुलने से पहले ही लाइन में लग गए। बाद में उन्हें पता चला कि बैंक में कैश ही नहीं है। इस पर वे भड़क गए। उन्होंने बैंक प्रबंधक पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए भौरीगंज-शाहपुर मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच हंगामा बढ़ता देख बैंक कर्मी शाखा को बंद कर भाग खड़े हुए।
विज्ञापन


पीएनबी की भौरीगंज शाखा पर गुरुवार सुबह से ही लोग लाइन में लग गये थे। पैसे का भुगतान न किये जाने पर लोगों ने नाराजगी जतायी। गुरुवार को बैंक में पैसा नहीं था। इससे लोग भड़क गए। लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना पाकर थाना परसपुर की पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाकर शांत कराया। लोगों का आरोप था कि बैंक में घंटों लाइन में खड़े होने के बाद कहा गया कि कैश नहीं है।

रोड जाम से सड़क के दोनों तरफ गन्ना लदे ट्रकों व ट्रैक्टर ट्रॉली की कतार लग गयी। पीएनबी बैंक भौरीगंज के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार का कहना है कि बैंक में कैश नहीं है। पब्लिक के हंगामा से बैंक को बंद कर दिया गया। वहीं, सर्वयूपी ग्रामीण बैंक शाखा त्यौरासी में करीब 11 बजे तक बैंक न खुलने से लोग आक्रोशित हो गए। परसपुर-बालपुर मार्ग पर बैंक के सामने प्रदर्शन किया। करीब सवा ग्यारह बजे बैंक कर्मियों के शाखा पर पहुंचने के बाद बैंक का ताला खोला गया।
विज्ञापन


इस संबंध में शाखा प्रबंधक राधेश्याम ने बताया कि कैश न मिलने के कारण बैंक खुलने में देरी हुई। सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखा दर्जीकुआं पर खाताधारकों ने प्रदर्शन किया। खाताधारक बब्बू सिंह, सुबोध सिंह, संचित मौर्या आदि खाताधारकों ने बैंक के बाहर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि इस समय खेती बाड़ी का काम चल रहा है किसानों को उनकी मांग के मुताबिक पैसा नहीं दिया जा रहा है।

पंजाब नेशनल बैंक के हारीपुर शाखा में पूरे दिन कैश नहीं रहा। बैंक ने कैश न होने व बैंक बंद होने का नोटिस बाहर लगा दिया। इससे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। वहीं, ओबीसी पोर्टरगंज, पंजाब नेशनल बैंक केशवपुर पहाड़वा में लंबी लाइन लगी रही। एलडीएम एके पांडेय का कहना है कि बैंकों के अपने करेंसी चेस्ट हैं। उन्हें वहां से करेंसी दी जाती है। आरबीआई से पर्याप्त करेंसी न आने से बैंकों के सामने कैश की समस्या है। बैंकों को आवश्यक निर्देश जारी किये जा चुके हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें