कटरा बाजार (गोंडा)। थाना क्षेत्र के सर्वांगपुर पैदामीपुरवा में मंगलवार शाम भूमि विवाद को लेकर हुई फायरिंग की दहशत दूसरे दिन भी रही। एहतियातन वारदात स्थल पर पुलिस तैनात रही। पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज कर फायरिंग करने के मुख्य आरोपी मुस्तकीम को बुधवार को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बता दें कि मंगलवार शाम गांंव में मुस्तकीम घर के सामने रास्ते पर पोल लगा रहे थे। विरोध पर पड़ोसी हफीज व मुस्तकीम में कहासुनी के बाद मारपीट व पथराव हुआ था। मुस्तकीम लाइसेंसी बंदूक लेकर छत पर पहुंच गया और पथराव के दौरान हफीज पर फायरिंग भी की।
इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। बवाल के दौरान वसीम, खलकुननिशा पत्नी नैय्याज अहमद, बानो पत्नी सुभान व आसिफ पुत्र हफीज घायल हो गए थे। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि हफीज के बेटे वसीम की तहरीर पर मुस्तकीम उसके बेटे फुरकान, खलील व सब्बर के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोपी वसीम को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।