माधोपुर (गोंडा)। पहाड़ापुर निवासी शिवम शुक्ला (25) की मौत मामले में पुलिस ने बुधवार को पिता की तहरीर पर शिवम की पत्नी व उसके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 16 अगस्त को जन्माष्टमी के दिन शिवम का शव घर के बरामदे में तख्त के नीचे पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई थी। पिता लल्लू शुक्ला ने बहू निशा शुक्ला व उसके कुछ साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बहू के आचरण पर सवाल उठाए थे। आरोप लगाया कि बहू बीमारी बताकर पुलिस व परिजनों को गुमराह करती रही। फिलहाल, पुलिस निशा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वह घटना में संलिप्त लोगों के लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पत्नी व दो बच्चों के साथ रहते थे शिवम
पिता लल्लू शुक्ल ने बताया कि वह पत्नी के साथ रोजी-रोटी के लिए लुधियाना गए हुए थे। उनका बड़ा बेटा शिवम अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता था। उनका कहना है कि शिवम व उनकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। ऐसे में शिवम का गला घोंट दिया गया। इससे बेटे की मौत हो गई।