खरगूपुर (गोंडा)। पृथ्वीनाथ मंदिर परिसर में फूल की दुकान के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद में हथगोले से हमला करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ग्राम पंचायत पचरन के पृथ्वीनाथ चौराहा निवासी केदारनाथ उर्फ बद्री गिरि ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 26 जुलाई को दिन में 12 बजे नरायनपुर माफी गांव के विशाल तिवारी, खरगूपुर कस्बे के अभी जायसवाल, भगवानदीन पुरवा के धवल व कुटनहरिया गांव के अंकित ने पृथ्वीनाथ मंदिर परिसर में सौरभ गोस्वामी की फूल की दुकान के सामने अपनी बाइक खड़ी कर दी। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होने लगी। वहां बाइक खड़ी करने का विरोध जताने पर चारों लोग मारपीट पर आमादा हो गए। पास में खड़ा उनका पुत्र लक्ष्मण बीचबचाव कराने लगा तो उससे भी कहासुनी हो गई। इसी बात को लेकर 27 जुलाई की रात एक बजे आरोपियों ने केदारनाथ के घर पर हथगोले से हमला कर दिया। हथगोला घर की दीवार व शटर पर लगा। परिजन अंदर सो रहे थे, इसलिए बच गए। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। (संवाद)