खरगूपुर (गोंडा)। छेड़छाड़ व पीछा करते हुए शादी तोड़ने की साजिश के तहत युवती के आपत्तिजनक फोटो आरोपी युवक ने दूल्हे को भेज दिए थे। दूल्हा बरात लेकर नहीं आया और शादी टूट गई। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी व उसके माता-पिता पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की निवासी पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी कोतवाली देहात क्षेत्र के निवासी एक युवक के साथ 18 फरवरी को तय थी।
जब दूल्हा बरात लेकर नहीं आया तो उसके पिता ने कॉल की। फोन पर शादी न करने की बात बताई गई। कारण पूछने पर बताया कि थानाक्षेत्र के पृथ्वीनाथ गांव निवासी किशन शिल्पकार ने होने वाली दुल्हन के अश्लील फोटो दूल्हे के व्हाट्सएप्प नंबर पर भेज दिए हैं।
पीड़िता ने आगे बताया कि घरवाले पूछने के लिए जब आरोपी युवक के घर पहुंचे। युवक और उसकी मां ने अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि किशन काफी दिन से उसका पीछा करता था। चुपके से उसके आपत्तिजनक फोटो ले लिए। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि आरोपी किशन शिल्पकार, उसकी मां बेबी व पिता नानबाबू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।