सेना भर्ती की परीक्षा देकर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से गुरुवार की देर शाम वापस लौट रहे अभ्यर्थियों की पिटाई के मामले नगर पालिका परिषद करनैलगंज के अध्यक्ष समेत 50 लोग फंस गए हैं। इस मामले में एक अभ्यर्थी ने जीआरपी कोतवाली में बलवा व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बता दें कि सेना में भर्ती की परीक्षा देकर फतेहपुर से इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से गुरुवार को वापस लौट रहे अभ्यर्थियों में थाना खरगूपुर क्षेत्र के कस्बा निवासी अवधेश कुमार तिवारी व रवि कुमार पांडेय से सीट पर बैठने को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी।
इसी को लेकर ट्रेन के करनैलगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने पर कुछ लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी थी। ट्रेन के गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर साथी की पिटाई से आक्रोशित अभ्यर्थियों ने ट्रैक जाम कर जमकर हंगामा किया था।
इस मामले में थाना खरगूपुर क्षेत्र के मझउवा गांव के रहने वाले अभ्यर्थी विवेक तिवारी ने गुरुवार की देर रात कोतवाली जीआरपी में करनैलगंज नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष शमीम अच्छन, जीआरपी के सिपाही राजेश कुमार सिंह, राज कुमार गुप्ता, आरपीएफ के चार सिपाहियों समेत 50 अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मारपीट व बलबा की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जीआरपी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मी नरायन यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।