औचक निरीक्षण के दौरान बीएसए जय सिंह ने सोमवार को दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। एक शिक्षक पर स्कूल से गायब रहने और दूसरे पर ड्रेस नहीं बांटने का आरोप है। उनसे एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सदर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रतनपुर के निरीक्षण में बीएसए को हेडमास्टर कृष्ण कुमार बिना सूचना के नदारद मिले। आसपास के लोगों से पता चला कि कृष्ण कुमार अक्सर स्कूल नहीं आते हैं।
इस पर बीएसए ने हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है। बीएसए के मुताबिक इसी स्कूल के सहायक अध्यापक मनोज कुमार शुक्ला को आठ स्कूलों में ड्रेस वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
शिक्षक ने बच्चों को ड्रेस का वितरण नहीं कराया जिसके चलते उसे निलंबित कर दिया है। दोनों शिक्षकों से बीएसए ने एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा है।
जवाब संतोषजन न होने पर बीएसए ने दोनों शिक्षकों को बर्खास्त करने की चेतावनी दी है।