नवाबगंज (गोंडा)। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार रात परसापुर गांव के पास अयोध्या-गोंडा हाईवे मार्ग पर भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा किसी भारी वाहन के कार को टक्कर मारने से हुआ।
कोतवाली नगर क्षेत्र के गरीबी पुरवा स्थित बूढ़ा देवर के रहने वाले अनिल उपाध्याय (50) पुत्र रामनरेश व बृजेश पुत्र फुलचंद के साथ कार से सोमवार को अयोध्या गये थे। रात करीब दस बजे वापस गोंडा लौट रहे थे तभी नवाबगंज थानाक्षेत्र के परसापुर गांव के पास अयोध्या-गोंडा हाईवे पर किसी अज्ञात भारी वाहन ने उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गये।
इस भीषण हादसे में कार चला रहे अनिल उपाध्याय की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार बृजेश उपाध्याय व ननकुने गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर आननफानन में मौके पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने मृतक अनिल व बृजेश तथा ननकुने को कार का दरवाजा काट कर बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ घायलों को इलाज के लिये अस्पताल पहुंचा दिया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।