मनकापुर (गोंडा)। बहन के घर जा रहे भाई की कार सोमवार को टिकरी जंगल मार्ग पर अनियंत्र होकर पेड़ से टकरा गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बस्ती जनपद के थाना परशुरामपुर क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के मजरा छेदिया पुरवा निवासी शिवमंगल जायसवाल (38) पुत्र रामदेव जायसवाल सोमवार की सुबह कार से धानेपुर थाना क्षेत्र के बनगाई गांव में स्थित अपनी बहन निर्मला के घर जा रहा था। वह नबाबगंज-मनकापुर मार्ग पर टिकरी जंगल के पास पहुंचा था तभी उसकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी मनकापुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक मनीष जाट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।