गोंडा। यूपी बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों को इस बार प्रवेशपत्र के साथ ही एक पहचान पत्र भी लाना होगा। इसमें स्कूल की आईडी, आधार कार्ड या अपार आईडी में से कोई भी एक हो सकता है। इससे परीक्षार्थी का मिलान कराया जाएगा। ताकि किसी भी तरह की समस्या न हो।
इस बार 95 हजार 150 परीक्षार्थी जिले के 149 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चंद्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले के 343 प्रायोगिक परीक्षा कराई गई। इसमें 8131 छात्रों में से 7996 ने प्रतिभाग किया। बताया कि केंद्रों को कॉपियों का वितरण शुरू कर दिया गया है। केंद्र वार आवंटन के साथ ही अन्य बिंदुओं पर फोकस किया जा रहा है।
केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती को लेकर बनेगी कार्ययोजना
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। केंद्र की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके आधार पर केंद्रों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इस बार केंद्रों पर प्राथमिक चिकित्सा का भी प्रबंध किया जाएगा।
शारीरिक शिक्षा में अच्छे अंक के लिए बनाएं योजना
सेंट जेवियर्स हायर सेकंडरी स्कूल के शारीरिक शिक्षक प्रत्यूष राज ने बताया कि शारीरिक शिक्षा एक ऑप्शनल सब्जेक्ट के रूप में बच्चे लेते हैं लेकिन, अन्य विषयों की भांति भी उतना ही महत्वपूर्ण विषय है। इसमें जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान के साथ साथ गणित का समावेश है। शारीरिक शिक्षा में अच्छा करके अत्यधिक अंक प्राप्त कर परसेंटेज को बढ़ाया जा सकता है। शारीरिक शिक्षा में प्रैक्टिकल में अच्छा प्रदर्शन करते हुए अंक प्राप्त करें। लिखित परीक्षा में छात्र-छात्राओं को ऑप्शनल प्रश्नों पर विशेष ध्यान देने चाहिए जिससे उन्हें एक-एक कर 18 अंक की प्राप्ति होती है। शारीरिक शिक्षा के विषय अनुसार जीवन में शारीरिक शिक्षा का महत्व, प्रतियोगिताओं के प्रकार कमेटी के गुण व टूर्नामेंट के प्रकार ,टूर्नामेंट आयोजित करने नाक आउट, लीग टूर्नामेंट हेतु पिक्चर बनाने की विधि को अवश्य देखें। परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं को केवल रिवीजन वर्क पर फोकस करना चाहिए ना कि उसे समय अत्यधिक प्रेशर लेकर पढ़ाई व रट्टा लगाना चाहिए।