गोंडा। यूपी पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा देकर केंद्र से निकले अभ्यर्थियों के चेहरे पर संतोष दिखाई दिया। अधिकतर परीक्षार्थियों का कहना था कि सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स और हिंदी के प्रश्न काफी आसान थे, जिससे अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है। हालांकि गणित और रिजनिंग के कुछ सवालों ने परीक्षार्थियों को थोड़ी देर उलझाए रखा।
महराजगंज से परीक्षा देने आए राकेश विश्वकर्मा ने बताया कि सामान्य ज्ञान के प्रश्न काफी सरल थे। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश का संवैधानिक प्रमुख कौन है तथा केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कौन भाग ले सकता है जैसे सवाल पूछे गए थे, जिन्हें हल करना आसान था। ऐसे प्रश्नों से अभ्यर्थियों को अच्छे अंक मिलने की संभावना है। गोरखपुर से आए विनय यादव ने बताया कि हिंदी, सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान थे। हालांकि गणित और रिजनिंग के कुछ सवालों को हल करने में थोड़ा समय लगा। उन्होंने कहा कि समय प्रबंधन करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में फायदा मिलेगा।
कुशीनगर के जितेंद्र शर्मा ने बताया कि सामान्य अध्ययन के कुछ प्रश्नों में उन्हें थोड़ी कठिनाई हुई। गणित के सवालों में भी अधिक समय लग गया। हालांकि पेपर का स्तर बहुत कठिन नहीं था। महराजगंज निवासी दीपेंद्र ने बताया कि कुल मिलाकर प्रश्नपत्र संतुलित रहा। जिसने नियमित और अच्छी तैयारी की होगी, उसके लिए लिखित परीक्षा निकालना इस बार संभव है। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। कई अभ्यर्थी एक-दूसरे से प्रश्नों और उत्तरों को लेकर चर्चा करते नजर आए। अधिकांश अभ्यर्थियों का मानना था कि पेपर का स्तर मध्यम रहा और मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिलेगा।