गोंडा। नए साल में मेडिकल कॉलेज में गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन प्रसव की सुविधा भी मिलने लगेगी। दो महीने के भीतर मॉड्यूलर ओटी की शुरुआत हो जाएगी। वहीं, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की ओपीडी शुरू होने से प्रतिदिन 50 से अधिक महिलाओं का उपचार हो रहा है।
महाराजा देवीबख्श सिंह राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में विगत नौ नवंबर को औपचारिक रूप से स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का शुभारंभ हुआ था। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. महर्षिकीर्ति सिसौदिया ने बतौर विभागाध्यक्ष कार्यभार संभाला। वहीं, विगत 18 दिसंबर को महिला अस्पताल की स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. सुवर्णा कुमार ने बतौर सीनियर रेजीडेंट कार्यभार ग्रहण कर ओपीडी को रफ्तार दी। अब ऑपरेशन की तैयारी शुरू हो गई है। सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि नई बिल्डिंग में बन रहे पांच मॉड्यूलर ओटी में से एक में स्त्रीरोग विभाग के जरिये महिलाओं का सिजेरियन ऑपरेशन होगा। ओटी दो महीने के भीतर शुरू हो जाएगा। (संवाद)