तरबगंज। पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार हुए ट्रांसपोर्ट कारोबारी के खाते से निकाले गए एक लाख रुपये वापस करा दिए हैं। पूरे गाना बादलपुर निवासी अरविंद कुमार मिश्र के मोबाइल पर 22 जनवरी को एक कॉल आई। फोन करने वाले ने उनकी गाड़ियों में डीजल भरने की बात कहकर भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजा। चालक से पुष्टि करने के बाद अरविंद ने इसके जरिये एक लाख रुपये भेज दिए। बाद में पता चला कि रकम पेट्रोल पंप के खाते में नहीं पहुंची है। ठगी का अहसास होने पर अरविंद ने तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद तरबगंज थाने की साइबर हेल्पडेस्क ने जनपदीय साइबर सेल की मदद से बैंक व नोडल अधिकारियों से समन्वय कर पूरी रकम होल्ड करा दी। 11 अगस्त (मंगलवार) को पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस आ गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की सराहना की है।
कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि ठगी गई रकम शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी गई है। उन्होंने अपरिचित लोगों से बैंक खाते का विवरण साझा न करने की अपील की है।