नवाबगंज। गोंडा-अयोध्या मार्ग पर परसापुर गांव के पास शनिवार रात तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक सवार व्यापारी अनिल सिंह (40) की मौत हो गई। मृतक के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सिद्धार्थनगर जिले के रुदौलिया गांव निवासी गोरख सिंह ने बताया कि उनके दामाद अनिल सिंह वजीरगंज थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव के टेढ़िया पुरवा के रहने वाले थे। वह डुमरियाडीह बाजार में बिसातखाना व कपड़े की दुकान चलाते थे। शनिवार को अनिल खलीलाबाद से दुकान का सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात 08:30 बजे परसापुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपी 112 की पुलिस टीम ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अनिल सिंह हेलमेट नहीं पहने थे, सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। रोडवेज बस और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज से बस व चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
बदहवास हुईं पत्नी
मृतक अनिल तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। परिवार में पत्नी पप्पी और बेटा करन हैं। मौत की सूचना घर पहुंची तो पत्नी बदहवास हो गईं। बेटे व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।