गोंडा में तालाबंदी कर प्रदर्शन करते बैंक कर्मी।
- फोटो : GONDA
गोंडा। बैंकों के विलय के विरोध में इलाहाबाद समेत आधा दर्जन बैंकों के कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। बैंकों में तालाबंदी हड़ताल होने की वजह से बैंकों में करीब 15 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ। बैंक के कर्मियों ने इलाहाबाद बैंक के मंडलीय कार्यालय के बाहर तालाबंदी कर धरना दिया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के बैंक फैसले के विरोध में नारेबाजी की। बैंकों की हड़ताल के बाद आम लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
इलाहाबाद बैंक स्टाफ एसोसिएशन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला इकाई के बैनर तले एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपी सिंह की अध्यक्षता में इलाहाबाद बैंक के मंडील कार्यालय पर बैंक के कर्मियों ने धरना दिया। बैंक कर्मचारी हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से कई बैंकों का अलग अलग विलय कर दिये जाने का विरोध कर रहे हैं।
कर्मचारियों की हड़ताल होने की वजह से कोई बैंकिंग का कार्य नहीं हुआ। यहां तक क्लीयरिंग हाउस भी बंद रहा इससे किसी भी व्यापारिक व विभागीय चेकों व ड्रॉफ्ट आदि का भुगतान नहीं हो सका। इलाहाबाद बैंक स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपी सिंह ने बताया कि इलाहाबाद बैंक की जिले में 83 बैंकों के 400 कर्मचारी आज हड़ताल पर हैं पूर्ण तालाबंदी है।