वजीरगंज के चंदापुर के पास टूटा पीडब्ल्यूडी साइन बोर्ड। - संवाद
डुमरियाडीह/गोंडा। गोंडा-अयोध्या हाईवे पर वजीरगंज से नवाबगंज के बीच पांच किलाेमीटर तक सड़क की दोनों पटरियों पर उगीं झाड़ियां आफत बनी हैं। यही वजह है कि चालकों को सड़क पर सामने से आने वाले वाहन नजर नहीं आते हैं। कम दृश्यता हादसे की वजह बन रही है।
वजीरगंज में अनभुला से लेकर चंदापुर तक का पांच किलोमीटर क्षेत्र दुर्घटना बहुल है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क की दोनों पटरियों पर वजीरगंज-नवाबगंज सीमा पर अनभुला के पास और दूसरा चंदापुर के पास दुर्घटना बहुल क्षेत्र का साइन बोर्ड लगाया गया था, लेकिन अनभुला के पास लगा साइन बोर्ड झाड़ियों में छिपा होने के कारण दिखाई नहीं पड़ता। वहीं, चंदापुर के पास लगाया गया बोर्ड टूटा है। न तो बोर्ड बदलवाया गया और न ही दुर्घटना से सचेत करने के लिए कोई संकेतक ही है। क्षेत्रीय लोग तो इस मार्ग से वाकिफ हैं, लेकिन बाहर के वाहन चालक रूट की जानकारी के अभाव में हादसे का शिकार हो जाते हैं। सड़क से साइन बोर्ड दिखाई न पड़ने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की स्पीड भी कम नहीं होती। यही वजह है कि लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं।
-
साइन बोर्ड में स्पीड लिमिट का जिक्र नहीं
अनभुला के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से लगाए गए साइन बोर्ड में चालकों को धीरे चलने के लिए सतर्क किया गया है। बोर्ड पर यूपी 112 और नजदीकी थाना नवाबगंज का सीयूजी नंबर 9454403493, एंबुलेंस 108, नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज के नाम दर्शाए गए हैं। जिससे हादसा होने पर वाहन वाहन चालक त्वरित सहायता के लिए कॉल कर सकते हैं। मगर बोर्ड पर स्पीड लिमिट का जिक्र नहीं है।