गोंडा। घने कोहरे व खराब मौसम को देखते हुए रोडवेज बस संचालन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एआरएम कपिलदेव ने स्पष्ट किया कि यदि दृश्यता 50 मीटर से कम होगी तो बसों का संचालन तत्काल रोक दिया जाएगा। बस को किसी सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया जाएगा।
एआरएम ने शनिवार को चालकों के साथ बैठक की। इसमें चेतावनी दी कि कोहरे में यदि कोई चालक बस को ओवरस्पीड में दौड़ाता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में चालक का वेतन काटने के साथ ही विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चालकों से गति सीमा का पालन कराने के साथ फॉग लाइट, हेडलाइट व इंडिकेटर की जांच सुनिश्चित कराएं। एआरएम ने बताया कि खराब मौसम में बसों के सुरक्षित संचालन के लिए नियंत्रण कक्ष को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। चालकों को समय-समय पर मौसम की जानकारी दी जाएगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे कोहरे के दौरान यात्रा करते समय सतर्क रहें और बस के स्टाफ का सहयोग करें। (संवाद)