मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण करतीं प्रधानाचार्य डॉ. बीना सिंह। स्रोत: विभाग
गोंडा। आग से झुलसे मरीजों को अब मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। बर्न वार्ड के संचालन में आ रही समस्याओं को देखते हुए इसे कोविड बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया है।
अब तक मेडिकल कॉलेज परिसर में क्षेत्रीय निदान केंद्र के बगल में बर्न वार्ड संचालित हो रहा था। वहां पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। एसी खराब रहने, नियमित सफाई न होने और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. वीना सिंह ने सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह और माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. अनिल वर्मा के साथ बैठक कर नई व्यवस्था की रणनीति तैयार की।
शनिवार को बर्न वार्ड को कोविड बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया। प्रधानाचार्य ने विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र के साथ वार्ड का भ्रमण कर सुविधाओं का जायजा लिया। नई व्यवस्था लागू होने से आग से झुलसे मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।