सांड़ से टकराने के बाद ट्रैक पर खड़ी वंदे भारत।
बभनान (गोंडा)। बभनान रेलवे स्टेशन के निकट गोरखपुर की ओर से आ रही वंदे भारत ट्रेन से बुधवार को एक सांड़ टकरा गया। गनीमत रही कि चालक को दूर से ही पटरी पर सांड़ नजर आ गया था। ऐसे में उसने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन की गति को नियंत्रित कर दिया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बुधवार सुबह 7:21 बजे गोरखपुर से चलकर अयोध्या से लखनऊ होते हुए इलाहाबाद जाने वाली वंदे भारत ट्रेन बभनान स्टेशन से रन थ्रू गुजर रही थी तभी स्टेशन के पश्चिमी छोर पर शुगर साइडिंग के समीप ट्रैक पर अचानक एक सांड़ आ गया।
चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोकना चाहा पर सांड़ ट्रेन से टकरा गया। इस वजह से ट्रेन 7:21 से 7:45 तक बभनान स्टेशन पर खड़ी रही। सूचना पर तत्काल परिचालन विभाग के प्वाइंटमैन सहित गेटमैन भी मौके पर पहुंच गए। घायल सांड़ को हटाकर ट्रैक को बहाल किया गया, तब जाकर ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। उधर, ट्रेन की ठोकर लगने से घायल हुए सांड़ का करनपुर बभनान के ग्राम प्रधान प्रिंस त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर इलाज करवाया।