गोंडा। शहर में नाला निर्माण के लिए खोदाई में लापरवाही से मंगलवार को बीएसएनएल का मुख्य केबल कट गया। इसके चलते मंडलायुक्त कार्यालय, कलेक्ट्रेट, एनआईसी, एसपी कार्यालय, न्यायालय, डाकघर आदि सरकारी दफ्तरों का नेटवर्क ठप हो गया। इससे न सिर्फ सरकारी कामकाज प्रभावित बल्कि दूरदराज से आए लोगों को निराश लौटना पड़ा।
नगर पालिका द्वारा लखनऊ मार्ग पर शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज चौराहे से डीएम आवास तक नाला निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार को ठेकेदार जेसीबी से खोदाई करा रहा था। इसी दौरान बीएसएनएल का मुख्य केबल कट गया। इससे जिले के नौ बीटीएस बंद हो गए, जिससे कलेक्ट्रेट, एसपी कार्यालय, एनआईसी, न्यायालय, डाकघर सहित करीब 250 लैंडलाइन कनेक्शन बंद हो गए। इन टावरों से जुड़े करीब 10 हजार मोबाइल उपभोक्ताओं का नेटवर्क भी ठप हो गया।
इंटरनेट सेवा बंद होने से कलेक्ट्रेट और अन्य दफ्तरों में ऑनलाइन काम पूरी तरह ठप हो गया। कई विभागों में प्रमाणपत्र नहीं जारी हो सके। फाइलों की ऑनलाइन इंट्री रुक गई और रिपोर्ट अपलोड नहीं हो सकीं। न्यायालय परिसर में भी इंटरनेट बाधित होने से कामकाज प्रभावित हो गया। एसपी कार्यालय में भी संचार व्यवस्था प्रभावित होने से सूचनाओं के आदान-प्रदान में दिक्कत आई।
मोबाइल नेटवर्क प्रभावित होने से शहर के कई इलाकों में लोग परेशान रहे। बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान और सरकारी पोर्टल से जुड़े काम भी ठप हो गए। कलेक्ट्रेट व अन्य दफ्तरों में आए लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन नेटवर्क न होने के कारण उनका काम नहीं हो सका।
मरम्मत के लिए लगाई गई टीम
भारत संचार निगम लिमिटेड के जिला प्रबंधक दीपेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत शुरू कराई गई। देर शाम तक कर्मचारी खोदाई करके केबल जोड़ने में लगे रहे। मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। देर शाम तक सेवा बहाल करने का प्रयास चलता रहा।
समन्वय के अभाव में बार-बार हो रही परेशानी
शहर में निर्माण कार्यों के दौरान विभागों के बीच समन्वय न होने से बिजली, पानी और संचार सेवाएं प्रभावित होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि अब खोदाई से पहले संबंधित विभागों को जानकारी दी जाएगी, ताकि इस तरह की समस्या न हो। इससे पहले तरबगंज क्षेत्र में भी निर्माण कार्य के दौरान लाइन कटने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी थी।
अपने-अपने तर्क
बीएसएनएल के एसडीओ इसरार अहमद ने बताया कि नगर पालिका की ओर से नाला निर्माण की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। बिना समन्वय के खोदाई कराने से केबल कट गया और बड़ी संख्या में उपभोक्ता प्रभावित हुए।
नगर पालिका के ईओ विशाल कुमार का कहना है कि नाला निर्माण हो रहा है, लेकिन केबल कटने की जानकारी नहीं है। हम इसको दिखवा रहे हैं।
-