परसपुर। परेटा चिंता पंडित पुरवा में एचटी लाइन की चपेट में आकर झुलसे भाई की हालत में सुधार है, जबकि बहन की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज गोंडा से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, अजीत कुमार तिवारी के बच्चे आदित्य (10) और आकांक्षा (8) गुरुवार देर शाम घर की छत पर खेल रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दोनों झुलस गए थे।
परिवार के सदस्य दीपक तिवारी ने बताया कि मकान निर्माण के दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में सुरक्षा के तौर पर प्लास्टिक पाइप लगाया गया था, जो हादसे के समय पिघल गया। घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल सीएचसी परसपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर किया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसी बालिका को लखनऊ भेज दिया गया। भाई को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।