गोंडा। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा हमला बोला है। कहा, केजरीवाल एक धूर्त आदमी का नाम है।
शहर में एक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद बृहस्पतिवार को पूर्व सांसद ने दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी द्वारा लगातार की जा रही घोषणाओं को लेकर निशाना साधा। कहा, अभी हमने भी सुना है कि पुजारियों और ग्रंथियों को 18 हजार रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा कर रहे हैं। वहीं पर मस्जिदों में जो लोग नमाज पढ़ाते हैं उन्होंने निकलकर बोला है कि 17 महीने हो गए, लेकिन कोई सैलरी नहीं दी गई। बृजभूषण ने कहा, दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल पर विश्वास नहीं करती है। यह दिल्ली का दुर्भाग्य है। यह तो कहिये कि दिल्ली केंद्र शासित राज्य है, अगर केंद्र शासित राज्य न होता तो अब तक दिल्ली में न जाने क्या हो जाता।
बृजभूषण ने आरोप लगाया कि केजरीवाल एक धूर्त आदमी का नाम है। वह कहते हैं कि कांग्रेस को बीजेपी फंडिंग कर रही है। भाजपा भाजपाइयों को तो फंडिंग करती नहीं है, दूसरों को कहां से फंडिंग करेगी। सब लोग अपने-अपने संसाधन से अभी लोकसभा चुनाव लड़े हैं और वह प्रचार करते हैं कि कांग्रेस को बीजेपी लड़ा रही है। तो इससे बड़ा झूठा आदमी हमने आज तक कभी नहीं देखा। दिल्ली में विकास को लेकर पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि वहां विकास नाम की कोई चीज नहीं है। अगर दिल्ली को देखना है तो वहां के मोहल्लों में जाइए, नालों की स्थिति देखिए। दिल्ली तो नर्क हो गई है।
पूर्व सांसद ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा मंदिर-मस्जिद खोजने को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि हम उनके बयान से पूर्णतया सहमत हैं। वह जब कोई बात कहते हैं तो बहुत सोच समझकर कहते हैं। उनके बयान को जो लोग हल्के में ले रहे हैं वह कहीं न कहीं गलती कर रहे हैं।