इटियाथोक में बिसुही नदी पर बना पुल। स्रोत-सोशल मीडिया
इटियाथोक। राष्ट्रीय राजमार्ग 330 पर बिसुही नदी के जर्जर और संकरे पुल से आवागमन में होने वाली परेशानी अब जल्द दूर हो जाएगी। यहां पर 15 अक्तूबर से तीन लेन के पुल का निर्माण शुरू हो जाएगा। 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से बलरामपुर, श्रावस्ती व सिद्धार्थनगर समेत नेपाल के लोगों की राह भी आसान हो जाएगी।
काफी संघर्षों के बाद मार्च 2026 में इस पुल के निर्माण को स्वीकृति मिली थी। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) खंड अयोध्या ने पुल के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। यहां पर वर्ष 1912 में बना सिंगल लेन का पुल अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है। 1999 में पुल के बीच में दरार आने पर बाईपास बनाकर इसकी मरम्मत कराई गई थी।
गोंडा-बलरामपुर मार्ग की यह सड़क चौड़ी होने के बाद भी पुल संकरा होने से यहां जाम की समस्या बनी रहती है। भारी वाहन एक ही तरफ से निकल पाते हैं। पांच साल की कवायद के बाद परिवहन मंत्रालय ने पुल के निर्माण को मंजूरी दी है। पुल के साथ फुटपाथ अलग से रहेगा। प्रतिदिन करीब 20 हजार वाहन व 70 हजार लोगों का आवागमन इस पुल से होता है। नेशनल हाईवे के अधिशासी अभियंता एसके मिश्र ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी चल रही है।