नगर कोतवाल से करीब 500 मीटरी की दूरी पर चोरों ने दिनदहाड़े शिक्षक के घर का ताला तोड़कर करीब तीन लाख का माल पार कर दिया। चोर घर में रखी 30 हजार नकदी भी उठा ले गए। पीड़ित शिक्षक ने मामले की तहरीर नगर कोतवाली में दी है। दिनदहाड़े हुई चोरी से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।
मंगलवार को एमपीपी इंटर कॉलेज के प्रवक्ता उमाशंकर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे वह और पत्नी ड्यूटी पर चले गए। बच्चे भी स्कूल चले गए। घर में ताला बंद था। दोपहर में करीब 1:30 बजे जब उमाशंकर आवास पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा था और घर में आलमारी आदि का सामान बिखरा पड़ा था।
उमाशंकर का आवास कॉलेज के छात्रावास के बगल है। उनके मुताबिक चोर उनके घर में रखा दो लाख का जेवर, 30 हजार नकदी व 20 हजार का अन्य सामान उठा ले गए। शहर के व्यस्ततम इलाके में दिनदहाड़े हुई लाखों की चोरी ने पुलिसिया सतर्कता की पोल खोल दी है। नगर की मुख्य सड़क पर स्थित शिक्षक के आवास के सामने दिनभर ट्रैफिक रहता है और प्राइवेट बसे, टैक्सियां भी आसपास खड़ी रहती हैं।
ऐसे में उनके आवास में लाखों की चोरी ने आसपास के लोगों को भी दहशतजदा कर दिया है। नगर कोतवाल श्रीनाथ यादव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।