मोतीगंज। पुलिस ने बोलेरो चुराकर भागे आरोपी को घेराबंदी करके तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हड़हवा गांव निवासी रामप्रकाश शुक्रवार शाम बोलेरो से कहोबा चौराहा गए थे। उन्होंने चौराहे पर वाहन खड़ा किया और खरीदारी करने चले गए। लौटे तो बोलेरो गायब थी। उन्होंने मोतीगंज थाने में सूचना दी। थानाध्यक्ष तेजनारायण गुप्ता ने पुलिस की दो टीमें गठित कर झिलाही से वजीरगंज जाने वाले मार्गों पर चेकिंग शुरू कराई। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी की सफेद बोलेरो जमलापुर बाजार की ओर आ रही है। सूचना पर कहोबा चौकी प्रभारी सुधीर यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ जमलापुर बाजार के पास घेराबंदी कर बोलेरो को रोक लिया। चालक से वाहन के कागजात मांगे गए तो वह घबरा गया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की और वाहन के चेचिस नंबर का मिलान कराया। जांच में बोलेरो चोरी की होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मौके से संतोष कुमार तिवारी निवासी जमथा, थाना तरबगंज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी एकत्र की जा रही है। (संवाद)