तरबगंज। खजुरी गांव में शुक्रवार सुबह चारा काटने निकले एक युवक का शव घर से करीब 500 मीटर दूर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी माला देवी ने बताया कि उनके पति ननकऊ सिंह (45) शुक्रवार सुबह चारा काटने के लिए घर से निकले थे। करीब 10 बजे उनके फंदे से लटके होने की सूचना मिली। परिजनों के अनुसार ननकऊ पिछले चार वर्षों से पैर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। चलने-फिरने में कठिनाई होती थी और नवाबगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण नियमित उपचार नहीं हो पा रहा था।
मजदूरी से किसी तरह घर का खर्च चलता था। परिवार में विवाह योग्य बेटी सोनी (18), बेटा मोनू (15) और आठ वर्षीय बेटी मोहिनी हैं। आर्थिक तंगी के चलते बेटा मोनू 15 दिन पहले ही रोजगार की तलाश में दिल्ली गया था। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।