इटियाथोक (गोंडा)। क्षेत्र के धर्मेई गांव निवासी मछली विक्रेता उमेश कश्यप (37)
का शव संदिग्ध हालात में सरयू नहर पुलिया के किनारे गड्ढे में उतराता मिला। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौका मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव निवासी अरुण ने बताया कि उनके पिता उमेश क्षेत्र के पारासराय देवरिया अलावल मार्ग पर 27 नंबर चौराहे के समीप मछली बेचने का काम करते थे। रविवार सुबह वह मछली बेचने के लिए निकले थे। वह देर रात तक घर नहीं लौटे तो तलाश की गई। उनके साथ मछली बेचने वाले लोगों से भी जानकारी ली गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। रविवार सुबह अरुण ने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान उमेश का शव संदिग्ध हालात में सरयू नहर पुलिया के किनारे गड्ढे में उतराता मिला। पास में ही उनकी पैंट, शर्ट, टीशर्ट, जैकेट व पर्स भी मिला। पर्स में 3700 रुपये मिले हैं। शव से कुछ दूरी पर ही उमेश की साइकिल, मोबाइल व जूते भी मिले हैं। उनके कान व नाक से खून का रिसाव हुआ था। सूचना पर फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया डूबने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। परिवार के लोगों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में मचा कोहराम
उमेश के परिवार में पत्नी संगीता, बड़ा बेटा अरुण, छोटा अतुल व बेटी रुचि है। मछली बेचकर गुजारा करने वाले उमेश की मौत से परिवार बेसहारा हो गया है। पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।