दुबहा बाजार। करीब एक सप्ताह पहले घर से सब्जी लेने निकले संजय (40) का शव बृहस्पतिवार को रामापुर में टेढ़ी नदी में उतराता मिला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। कौड़िया पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बसभरिया निवासी संजय बीते शुक्रवार की शाम साइकिल से सब्जी लेने निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। रविवार को उनकी पत्नी रेखा ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
बृहस्पतिवार को रामापुर के पास टेढ़ी नदी में एक शव उतराता दिखाई दिया। शव की शिनाख्त संजय के रूप में हुई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की। संजय तीन भाइयों में बड़े थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पत्नी, बेटियां कविता (10) व ललिता (5) हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
निरीक्षक अपराध राधेश्याम यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।