फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: लापता युवक का शव गड्ढे में पड़ा मिला, हत्या की आशंका

Thu, 25 Jun 2026 11:21 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
सत्यम की फाइल फोटो
विज्ञापन
बभनान। कस्बे में रेलवे गेट संख्या 221 के समीप बृहस्पतिवार सुबह पांच फीट गहरे गड्ढे में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विज्ञापन


बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के महुआ डाबर निवासी इंद्रसेन सिंह ने बताया कि बेटा सत्यम सिंह (22) बुधवार सुबह अपने दो दोस्तों संग घर से निकला था। काफी देर बाद भी घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई लेकिन पता नहीं चला। बृहस्पतिवार पता चला कि रेलवे गेट संख्या 221 के पास ट्रैक से करीब 20 मीटर दूर पांच फीट गहरे गड्ढे में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त बेटे सत्यम के रूप में की।

इंद्रसेन सिंह ने बताया कि बेटे के गले, हाथ, पैर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष गौर अतुल अंजान ने बताया कि परिजन शव घर लेकर चले गए थे। छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन


शराब ठेके के पीछे खेत में मिला युवक का शव
मछली बाजार/मनकापुर। बल्लीपुर स्थित कंपोजिट शराब के ठेके के पीछे खेत में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मनकापुर के वीरपुर भरपुरवा निवासी बलोरे ने शव की पहचान अपने भाई सुधई राजभर (42) के रूप में की।
बलोरे ने बताया कि सुधई सूरत में मजदूरी करते थे। बुधवार को ही वह सूरत से अपनी बहन पुरबहा के घर पेरीपोखर पहुंचे थे। बहन घर में ताला लगाकर रिश्तेदारी में गई थी। इस पर वह वापस लौट गए थे लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार सुबह उनका शव खेत के किनारे लगे कंटीले तार के पास पड़ा मिला। बहन पुरबहा ने बताया कि सुधई शराब पीने के आदी थे।
आशंका है कि अत्यधिक शराब पीने के कारण वह रास्ते में ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। (संवाद)

मजदूर का शव सड़क किनारे मिला
नवाबगंज। नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज माझा में पुराने सरयू पुल के पास बृहस्पतिवार सुबह एक मजदूर का शव पड़ा मिला। चचेरे भाई भीम कुमार राठौर ने शव की शिनाख्त बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र के कंडौली गांव निवासी दिल्लू शाह (45) के रूप में की।
भीम कुमार ने बताया कि वह अयोध्या स्थित रामकथा संग्रहालय में दिल्लू शाह और गांव के अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। करीब तीन दिन पहले दिल्लू ने घर जाने की बात कही थी और वहां से निकल गया था, लेकिन वह न तो घर पहुंचा और न ही वापस काम पर आया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद अयोध्या पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी गई थी। इसी बीच बृहस्पतिवार सुबह दुर्गागंज माझा में पुराने सरयू पुल के पास सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिली।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि मौत लगभग चार दिन पूर्व हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी। पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें