नवाबगंज। दुल्लापुर मल्लहन पुरवा में शनिवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर बबूल के पेड़ से साड़ी के सहारे युवक का शव लटका मिला। परिजनों ने शव फंदे से उतारकर सरयू नदी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
दुल्लापुर के प्रशासक धनराज निषाद ने बताया कि गांव निवासी मुन्ना निषाद का छोटा बेटा रामकरन निषाद (20) शुक्रवार रात परिवार के साथ घर में सो रहा था। शनिवार सुबह परिजनों की नींद खुली तो रामकरन का शव घर से कुछ दूरी पर बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि रामकरन मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
तीन भाइयों में छोटे रामकरन की शादी नहीं हुई थी। उसकी मौत से मां अंजनी देवी, बड़े भाई राजकरन और शिवकरन समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि परिजनों ने सूचना नहीं दी है। सीओ डॉ. यूपी सिंह ने कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। (संवाद)