राजस्थान में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते गोंडा के रजत कौशल। स्रोत: स्वयं
गोंडा। शहर के महराजगंज निवासी रजत कौशल ने राष्ट्रीय स्तर की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में खिताब हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने फिजिक व ओपन बॉडी बिल्डिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। रजत एशिया के सबसे बड़े गेम अमेच्योर ओलंपिया में भी प्रतिभाग कर चुके हैं।
27 साल के रजत कौशल ने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में अपना बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं। इसके लिए वह काफी मेहनत करते हैं। 13 व 14 अक्तूबर को राजस्थान में आयोजित हुई बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में देशभर के बॉडी बिल्डर जुटे थे। जहां फिजिक क्लासिक व ओपन बॉडी बिल्डिंग में बेहतर प्रदर्शन के लिए रजत सम्मानित किए गए। रजत ने बताया कि पहले वह साधारण तरीके से सिर्फ फिटनेस के लिए जिम जाते थे। वर्ष 2018 से उन्होंने बॉडी बिल्डिंग में मुकाम हासिल करने का मन बनाया। पहले जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने जीत दर्ज की थी। इसके बाद वर्ष 2021 में लखनऊ में हुई प्रतियोगिता में उन्होंने मेडल प्राप्त किया। बीते वर्ष दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित मिस्टर वर्ल्ड प्रतियोगिता में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल करते हुए ब्रांज मेडल हासिल किया था। अब वह हैदराबाद में 24 से 26 अक्तूबर को होने वाली प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हैं। रजत की उपलब्धि पर पिता रामजी कौशल, मां नीलम, भाई रवि कौशल, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और सांसद करण भूषण सिंह सहित अन्य ने बधाई दी है।