नाव हादसे में लापता व्यक्ति के परिवारीजन रोते बिलखते हुए।
- फोटो : GONDA
गोंडा। उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के ऐली परसौली गांव में टेपरहनपुरवा के पास सरयू नदी में यात्रियों से भरी एक नाव मंगलवार सुबह अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में 30 लोग सवार थे। डूबने से एक शिक्षक की मौत हो गई। 26 अन्य को ग्रामीणों की सहायता से बचाव दल ने नदी से निकाला है। तीन लोग लापता बताये जा रहे हैं। मौके पर डीएम और एसपी समेत जिले के अधिकारियों की टीम पीएसी व एसडीआरएफ के साथ साथ पहुंची। काफी मश्क्कत के बाद दो दर्जन लोगों को पानी से बाहर निकाला जा सका।
मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे अयोध्या जनपद के रुदौली से गोंडा जनपद के ऐली परसौली की ओर एक नाव पर 30 से अधिक लोग कैथी घाट से निकले थे। टेपरहनपुरवा में बने पीपे के पुल के पास अचानक नाव अनियंत्रित हो गई। कुछ दूर सरयू नदी की बीच धारा में जाकर नाव पलट गई। ऐली परसौली के प्राथमिक विद्यालय डीहा में तैनात शिक्षक संदीप गुप्ता की डूबने से मौत हो गई। अयोध्या जनपद के रुदौली के मोहल्ला सालार अब्बासी के वार्ड पूरे जामी निवासी शिक्षक संदीप गुप्ता रोज नाव से स्कूल आते थे और नाव से ही वापस लौटते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही आयुक्त देवीपाटन मंडल महेंद्र कुुमार व डीआईजी डॉ. राकेश सिंह, डीएम डॉ. नितिन बंसल और एसपी आरके नैयर टीम के साथ मौके पर पहुंच गये। वहीं डीएम अयोध्या अनुज झा और एसएसपी आशीष तिवारी, एसडीएम रुदौली और सीओ डॉ. धमेंद्र सिंह यादव भी पहुंचे। पीएसी और एसडीआरएफ की टीम के साथ ग्रामीणों ने काफी मशक्कत करके पानी में फंसे 24 लोगों को बाहर निकाला।
नाव चालक राम अवतार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम डॉ. नितिन बंसल ने बताया कि अधिकांश लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन अभी भी कुछ लोग लापता बताये जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए एडीआरएफ और फ्लड टीम लगाई गई है।
गोंडा में नाव हादसे के बाद मौके पर एडीएम से जानकारी लेते कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह।- फोटो : GONDA