मां-बेटी के डूबने की सूचना पर पहुंची पुलिस।
झंझरी/गोंडा। नगर कोतवाली के गोड़ियनपुरवा निवासी उर्मिला देवी (32) और उनकी बेटी नंदिनी (14) की बुधवार सुबह टेढ़ी नदी में नाव पलटने से डूबकर मौत हो गई। दोनों नाव से नदी के उस पार खाद लाने गई थीं। काफी देर तक जब वापस नहीं लौटीं तो परिजन तलाशते हुए पहुंचे। नदी में नाव पलटी देखी तो कोहराम मच गया। गोताखोरों ने काफी देर की मशक्कत के बाद दोनों के शवों को नदी से बाहर निकाला।
बेटे अमन निषाद ने बताया कि उनकी मां ने एक ट्रैक्टर चालक से खाद मंगवाई थी। उसी को लाने सुबह करीब 10 बजे वह बहन नंदिनी के साथ नाव से टेढ़ी नदी के पार गई थीं, लेकिन दोपहर दो बजे तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के सभी लोग तलाश करने निकले। नदी में नाव को पलटे देखा तो देहात पुलिस को सूचना दी।
तीन घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने दोनों के शव बाहर निकाले। नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी, देहात संजय सिंह, सीओ सिटी आनंद राय, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। नगर कोतवाल ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर राजस्व व पुलिस टीम भेजी गई है।