बैंक में कैश न होने पर ग्राहकों ने रोड जाम किया
- फोटो : अमर उजाला
बैंक में कई घंटे लाइन में लगे रहे लोगों को शनिवार को खाली हाथ लौटना पड़ा। कैश न होने से भारतीय स्टेट बैकं रेतादलसिंह शाखा प्रबंधक ने करीब दो बजे कैश नहीं होने की बात कह कर शाखा के गेट बंद करवा दिया । गेट बंद कर लिये जाने से खाताधारकों की भीड़ भड़क उठी।
लोगों ने नाराजगी जतायी और बैंक के कर्मियों के साथ नोक-झोंक हुई। लोगों ने बैंक कर्मियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की। कुछ देर बाद खाताधारकों ने बैंक के सामने तरबगंज नबाबगंज मार्ग को जाम कर दिया। जिसको देखने के बाद वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हालात की जानकारी तरबगंज थाने पर दी। थाने के उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद आदि के समझाने के बाद लोग शांत हुए।
वहीं सुबह से ही लाइन में लगे केदार दीपू राकेस व विकास ने बताया कि बैंक कर्मी मनमानी तरीके से सेटिंग के आधार पर भुगतान करते हैं। जिसके चलते लाइन मे लगे लोग भुगतान से वंचित रह जाते है । इस बाबत शाखा प्रबन्धक दीपांशु मिश्र का कहना है कैश खत्म हो जाने से बैंक का गेट बंद कराया गया सोमवार को पैसा आने पर भुगतान किया जाएगा।