गोंडा। लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किए जाने के साथ ही भाजपा ने घोषणा पत्र बनाए जाने के लिए जनता की राय लेने का अभियान भूी शुरू कर दिया है।
इसके लिए जिले के 1214 ग्राम पंचायतों में भाजपा की वैन पहुंचेगी। इसमें रखी सुझाव पेटिका में मतदाता अपनी राय वाली पर्ची डाल सकेगा। अच्छे सुझावों को भाजपा अपने घोषणा-पत्र में शामिल करेगी।
मंगलवार को भाजपा के जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने जय महल स्थित गोंडा लोकसभा क्षेत्र के कार्यालय से वैन को पार्टी का झंडा दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर घोषणापत्र के लिए ऑनलाइन राय देने के लिए जारी टोलफ्री नंबर 9090902024 का पोस्टर भी जारी किया गया।
जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने बताया कि सुझाव पेटिका वाली वैन आगामी 15 मार्च तक गांव-गांव दस्तक देगी।
इस दौरान कोई भी व्यक्ति घोषणा पत्र के लिए अपनी राय पोस्टल पेपर में लिखकर डाल सकता है। वैन में लगी एलईडी के माध्यम से विकसित भारत मोदी की गारंटी वाली योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में लोकसभा संयोजक डॉ. रंजन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनुपम मिश्र, अर्जुन प्रसाद तिवारी व राघवेंद्र ओझा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।