परसपुर। हत्या के मामले में जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद कस्बे में समर्थकों के साथ जुलूस निकालना नगर पंचायत के भाजपा सभासद उदयभान सिंह उर्फ लल्लन सिंह को भारी पड़ गया। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी सभासद को राजटोला स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि उदयभान सिंह उर्फ लल्लन सिंह वर्ष 2024 में दर्ज ओमप्रकाश सिंह हत्याकांड में आरोपी है। मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ से जमानत मिलने पर 15 अप्रैल 2026 को जिला कारागार गोंडा से रिहा हो गया था।
आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद सभासद ने समर्थकों के साथ कस्बे में वाहनों का काफिला निकालकर जुलूस निकाला था। समर्थक नारेबाजी करते हुए लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि काफिला मृतक ओमप्रकाश सिंह के घर के सामने से भी गुजरा, जिससे पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार जुलूस का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। मामले को जमानत की शर्तों के उल्लंघन और शांति व्यवस्था प्रभावित करने से जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद मंगलवार को दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि उदयभान सिंह उर्फ लल्लन सिंह के खिलाफ परसपुर थाने समेत बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाने में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बलवा, मारपीट, आपराधिक अतिचार, जानलेवा हमला, महिला उत्पीड़न, गैंगस्टर जैसी धाराएं भी शामिल हैं।